दिल्ली में 50 से ज्यादा उम्र वाले मतदाता बढ़े, दो लाख लोगों की आयु 80 से अधिक

नई सूची के अनुसार, दिल्ली में 50 या उससे अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या बढ़कर 42,43,942 हो चुकी है। पिछले वर्ष 6 जनवरी तक इनकी संख्या 39,92,902 थी। केंद्र सरकार ने देश के 30 करोड़ लोगों को कोरोना टीका सबसे पहले देने का फैसला लिया है। इनमें स्वास्थ्य कर्मचारी, सुरक्षा जवान, निगम कर्मचारी, पहले से बीमार और 50 या उससे अधिक आयु के लोग शामिल हैं। 16 जनवरी से टीकाकरण शुरू हो रहा है। सबसे पहले तीन करोड़ लोगों को टीका दिया जाना है, जिनमें स्वास्थ्य कर्मचारी और सुरक्षा जवान शामिल हैं।
केंद्र सरकार ने 50 या उससे अधिक आयु के लोगों का चयन करने के लिए मतदाता सूची को आधार माना है। इसीलिए दिल्ली चुनाव आयोग ने नई सूची जारी की है। इसके बाद दिल्ली में सबसे पहले टीका लेने वालों की संख्या 50 लाख से अधिक हो चुकी है। दिल्ली में करीब तीन लाख स्वास्थ्य कर्मी और एक लाख पुलिस व डिफेंस कर्मचारी हैं। इनके अलावा, करीब चार लाख बिजली और जल बोर्ड कर्मचारी भी हैं।
दो लाख लोगों की उम्र 80 से ज्यादा
चुनाव आयोग और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के निर्देशों को मानें तो दिल्ली में 2 लाख लोग ऐसे हैं, जिनकी आयु 80 वर्ष या उससे अधिक है। इन लोगों को कोरोना संक्रमण का खतरा भी सबसे अधिक है। अब तक देश में 60 वर्ष से अधिक आयु में कोरोना वायरस से मृत्युदर सर्वाधिक 35 फीसदी दर्ज की जा चुकी है। ऐसे में इन लोगों को टीके की प्राथमिकता में शामिल किया गया है। चुनाव आयोग के अनुसार, दिल्ली में अब 2,33,500 लोग अधिक आयु वाले हैं।
दिल्ली के 70 विधानसभा क्षेत्रों में लिंगानुपात देखें तो यह पिछले वर्ष की तुलना में इस बार बढ़ा है। 2020 के 824 से यह 826 हो चुका है। ट्रांसजेंडर वोटर 815 से बढ़कर 913 हो गए हैं। 32 विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं जहां लिंगानुपात राज्य स्तर से भी कम है। तिलक नगर विधानसभा क्षेत्र में लिंगानुपात सबसे अधिक 950 है। सबसे कम तुगलकाबाद विधानसभा क्षेत्र में 683 है।
वैसे कुल वोटों की बात करें तो महिलाएं खराब स्थिति में हैं। दिल्ली में कुल 1,48,98,069 वोटर हैं। इनमें 81,58,180 पुरुष हैं, जबकि महिलाएं केवल 67,38,976 ही। इसके अलावा 913 लोग ट्रांसजेंडर हैं। पहली बार वोट देने वालों यानी 18-19 वर्ष आयु के वोटरों की संख्या पिछली बार के मुकाबले 83,694 कम हुई है। पिछले वर्ष तक इनकी संख्या 2,08,883 थी, जो अब 1,25,189 रह गई है। वैसे इस बार मतदाताओं की संख्या में जितनी बढ़ोतरी हुई है, उससे कहीं अधिक युवा कम हो गए हैं। संख्या 2,05,933 बढ़ी, लेकिन 18 से 29 वर्ष के बीच वाले 2,11,982 कम हो गए।
शुक्रवार को जारी दिल्ली चुनाव आयोग की नई सूची के मुताबिक, कुल मतदाता 1,48,98,069 हो गए हैं। पिछले वर्ष 6 जनवरी तक दिल्ली में 1,46,92,136 मतदाता थे। गत वर्ष 20 से 29 वर्ष के 29,67,865 मतदाता थे। अब इनकी संख्या घटकर 28,39,577 रह गई चुकी है। यह 1,28,288 कम है। सबसे ज्यादा वोटर 30 से 39 वर्ष के 43 लाख हैं।
दिल्ली में मतदाताओं की आयुवार स्थिति
आयु (वर्ष में) 6 जनवरी 2020 तक 15 जनवरी 2021 तक
18-19 2,08,883 1,25,189
20-29 29,67,865 28,39,577
30-39 43,60,705 43,95,561
40-49 31,61,781 32,93,800
50-59 20,00,826 21,18,605
60-69 11,69,271 1218,919
70-79 6,17,770 6,72,918
80+ 2,05,035 2,33,500
कुल 1,46,92,136 1,48,98,069
मतदाताओं की ताजा स्थिति
कुल विधानसभा क्षेत्र 70
कुल वोटर 1,48,98,069
पुरुष 81,58,180
महिला 67,38,976
ट्रांसजेंडर 913
सर्विस मतदाता 11771
18-19 वष 1,25,189
लिंगानुपात 826
सबसे बड़ा विधानसभा क्षेत्र मटियाला
सभी छोटा विधानसभा क्षेत्र दिल्ली कैंट